संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। उत्तराखंड के हर्षिल (उत्तरकाशी) से 13.5 टन सेब लेकर जयपुर के लिए निकले चालक व परिचालक ट्रक लेकर करनाल की अनाज मंडी पहुंच गए और सारे सेब बेचकर 15 लाख रुपये डकार गए। इस संदर्भ में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एसटी मोर्चा उत्तराखंड व सेब के बाग के ठेकेदार जगतराम नौटियाल ने सेक्टर-4 पुलिस चौकी में चालक, परिचालक और करनाल के ट्रांसपोर्टर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
गांव कोटी कनासर, तहसील चकराता, जिला देहरादून उत्तराखंड निवासी जगतराम नौटियाल ने शिकायत में बताया कि उसने गंगोत्री के पास हर्षिल, उत्तरकाशी में सेब के बाग का ठेका ले रखा है। 27 सितंबर को सेब से भरा ट्रक हर्षिल के सुखी गांव से जयपुर मंडी के लिए चला था। जिसमें उसने सुरक्षा के लिहाज से अपने मौसेरे भाई सुनील को ट्रक चालक संदीप व परिचालक के साथ भेज दिया, लेकिन चालक ट्रक को जयपुर न ले जाकर 29 सितंबर की सुबह नौ बजे करनाल अनाज मंडी में ले आया और उसके मौसेरे भाई को डरा धमकाकर ट्रक से बाहर निकाल दिया फिर ट्रक लेकर फरार हो गए। इस दौरान उसके भाई ने उसे फोन करने की कोशिश की लेकिन पहाड़ी इलाका होने के कारण फोन नहीं मिल सका। जिसके बाद उसका भाई सुनील उत्तराखंड आ गया और सारी घटना उसे बताई। जिसके बाद उसके हैड मुंशी कृष्ण लाल ने ड्राइवर को फोन किया तो उसका फोन बंद मिला। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ट्रक में था ए-वन क्वालिटी का सेब
ठेकेदार जगतराम नौटियाल ने बताया कि ट्रक में जयपुर के लिए भेजा गया सेब ए-वन क्वालिटी का था। जो जयपुर मंडी से विदेश में एक्सपोर्ट होना था। बाग से सेब तोड़कर गोदाम तक लाने के लिए उन्होंने 25 किसान रखे हैं। जिन्होंने कई दिन तक काम कर सेब को गोदाम में फ्रिज किया था। वहीं जयपुर की मंडी में सेब उतारने के बाद 15 लाख रुपये की पेमेंट उन्हें मिलनी थी। जिसके बाद उनमें से ही किसानों को पेमेंट करनी थी।
ठेकेदार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जिसकी जांच चल रही है।
- जितेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी, सेक्टर-4, करनाल