संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। घरौंडा के पास शुक्रवार को हाइवे पर खड़े कैंटर को सिलिंडर से भरे कैंटर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में चालक कैंटर के बीच फंस गया। लोगों ने कड़ी मशक्कत कर घायल चालक को निकालने का प्रयास किया, मगर जब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे की है। जींद निवासी सूरज कैंटर को लेकर पानीपत से करनाल की ओर आ रहा था। घरौंडा के पास लिबर्टी शोरूम के पास जैसे ही चालक कैंटर लेकर पहुंचा तो अचानक टायर फट गया। चालक ने कैंटर को हाइवे के किनारे खड़ा कर दिया। इसी दौरान पीछे से आ रहे सिलिंडक से भरे दूसरे ट्रक से टक्कर हो गई।
इस हादसे में चालक सूरज कैंटर में फंस गया। लहूलुहान हालत में वह तड़पता रहा। मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने शव को कैंटर से बाहर निकालने की कड़ी मशक्कत की, मगर जब तक चालक दम तोड़ चुका था। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी ली।
पुलिस ने चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी नसीब सिंह बताया कि हाइवे पर दो कैंटरो की आपस में टक्कर हुई है। इस हादसे में एक कैंटर चालक की मौत हो गई है। परिजनों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।