माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। असंध के बाशिंदों को अब रोडवेज बस से दरबार साहिब श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन करने की भी सुविधा मिलेगी। इसके लिए उन्हें चंडीगढ़ डिपो या निजी वाहनों से अमृतसर जाने की जरूरत नहीं है। रोजाना असंध के सब डिपो से ही अमृतसर के लिए सीधी बस मिलेगी। रोडवेज की पहली मई से इस मार्ग पर बस चलाने की योजना है। वर्तमान में करनाल डिपो से भी इस रूट पर अभी कोई बस नहीं चल रही है।
असंध क्षेत्र में सिख आबादी ज्यादा है, ऐसे में अमृतसर के लिए असंध सब डिपो से बस चलाने का निर्णय रोडवेज के अधिकारियों ने लिया है। हालांकि रूट के अनुसार, यह बस करनाल के पुराना बस अड्डे पर भी पहुंचेगी। ऐसे में पुराना बस अड्डे से स्थानीय लोग भी इस बस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। बस का रूट तो अधिकारियों की ओर से तय कर लिया गया है। अभी टिकट और समय तय नहीं हो पाया है। इसी माह के अंत तक टैक्स भरने व परमिट आदि दस्तावेज पूरे होने के बाद इस मार्ग पर समय निर्धारित करके बस चला दी जाएगी। करनाल रोडवेज को पिछले दो माह में 45 नई बसें मिली हैं, ऐसे में पुराने बंद हो चुके मार्गों पर दोबारा बस चलाने के साथ-साथ अधिकारियों की ओर से सब डिपो से सुविधा देने और नए मार्ग पर बस सुविधा शुरू करने की भी योजना है।
उद्घाटन के साढ़े तीन साल में तीसरी बस चलेगी
असंध सब डिपो का उद्घाटन हुए करीब साढ़े तीन साल बीत चुके हैं। अमृतसर के लिए चलने वाली बस इस सब डिपो की तीसरे मार्ग की बस सेवा होगी। अब तक केवल दिल्ली और पिछले दिनों हरिद्वार के लिए ही यहां से बस का संचालन शुरू हुआ था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अगस्त 2019 में इस सब डिपो का करनाल से उद्घाटन किया था। बसों की कमी के कारण आज तक डिपो चालू नहीं हो पाया। ऐसे में आधिकारिक तौर पर अभी सब डिपो के संचालन का एलान भी नहीं किया गया है। सब डिपो को चलाने के लिए 20 बसों की जरूरत है।
बसों की कमी के कारण असंध सब डिपो शुरू नहीं हो पाया। अब नई बसें आने के बाद यहां से रूट शुरू कर रहे हैं। पहली मई से अमृतसर के लिए भी बस चला दी जाएगी। परमिट आदि दस्तावेज तैयार करा रहे हैं।
- कुलदीप सिंह, जीएम रोडवेज करनाल।