माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। सोमवार की रात भी तपती रही, वहीं मंगलवार को सुबह भी सूर्य की किरणें झुलसाती रही। जन सामान्य को लू के थपेड़े सहन करने पड़े। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा लेकिन दोपहर के बाद से ही आसमान पर बादलों की आवाजाही शुरू हुई और शाम को करीब साढ़े सात बजे तेज हवाएं चलने लगी। आसमान पर बिजली भी चमकने लगी और हल्की बूंदाबांदी के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 24 से 26 मई तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। जिसमें बूंदाबांदी के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की भी संभावना है।
पिछले पांच दिनों से लगातार तापमान अधिक रहने से सूर्य की किरणें झुलसाती नजर आ रही थी। लू भी चल रही थी लेकिन लगातार गला सूखने से धूप में कार्य करने वालों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मंगलवार को दोपहर बाद मौसम के मिजाज में बदलाव दिखने लगा था। शाम होते होते आसमान पर बादलों का घेरा हो गया। तेज हवाओं और बूंदाबांदी शुरू होने के बाद तापमान में कुछ गिरावट आई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। बाजारों में भीषण गर्मी का खासा असर दिखा। दोपहर को शहर के सभी प्रमुख बाजारों में सन्नाटा पसर गया। दिनभर दुकानदार खाली बैठे रहे। दूर दराज के खरीदारी भी बाजार नहीं पहुंचे, शाम को जरूर बाजारों में आवश्यक खरीदारी देखी गई।
एनडीआरआई की जिला कृषि मौसम सेवा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ.योगेश कुमार ने बताया कि 23 मई की शाम को मौसम में बदलाव आया है। रात को या 24 मई को हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। एक दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 25 व 26 मई को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।