संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सेक्टर-13 एक मकान में लॉकर के अंदर रखा लगभग चार लाख रुपये त का डायमंड सेट चोरी हो गया। मकान मालिक ने अपने ही घर में काम करने वाली दो नौकरानियों पर चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-13 निवासी प्रवीन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कर्ण गेट पर उसकी पंजाब बर्तन स्टोर के नाम से दुकान है। नौ फरवरी को एक फंक्शन था, जिसमें उसकी बेटी ने एक डायमंड का सेट पहना था। फंक्शन के बाद वह सेट घर पर लॉकर में लाकर रख दिया था। उसकी बेटी की शादी 14 फरवरी को थी। उसकी बेटी 15 फरवरी को सुबह विदाई के समय वह सेट पहनना चाह रही थी, लेकिन जब लॉकर खोला तो उसके अंदर वह सेट नहीं मिला।
उसके घर पर सविता व माया नाम की मेड काम कर रही है। डायमंड सेट गायब होने के बाद दोनों नौकरानियों से भी पूछताछ की गई, लेकिन इन दोनों ने कुछ भी नहीं बताया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि सविता अपनी छोटी बेटी के साथ घर पर आती जाती थी। शक है कि इन लोगों ने ही डायमंड सेट पर हाथ साफ किया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मकान मालिक ने घर की नौकरानियों पर शक जताया है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।