करनाल। जिले में डेंगू के बढ़ते केसों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी व निजी अस्पतालों को उनके यहां आने वाले बुखार से पीड़ित मरीजों का डेंगू व प्लेटलेट्स की जांच करवाना अनिवार्य कर दिया है। वहीं डेंगू व प्लेटलेट्स की जांच के टेस्ट सरकारी में निशुल्क होंगे जबकि निजी अस्पतालों के लिए शुल्क निर्धारित किए गए हैं। जिले में जनवरी से 25 सितंबर तक डेंगू के 49 केस सामने आ चुके हैं।
उप-सिविल सर्जन डॉ. अनु शर्मा ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियां डेंगू व मलेरिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत मलेरिया विंग ने जिलेभर में 166 टीमें घर-घर जांच कर रही हैं। इनमें से 16 टीमें शहर और 150 टीमें ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रिजर्व हैं। जो घरों की जांच के साथ-साथ लोगों को डेंगू व मलेरिया के प्रति जागरूक भी कर रही हैं। इसके अलावा सभी अस्पतालों के डॉक्टरों को सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से पत्र जारी कर बुखार से पीड़ित मरीजों का डेंगू व प्लेटलेट्स की जांच करवाने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में वर्ष 2024 के नौ माह बीतने वाले हैं। जिले में डेंगू का आंकड़ा अभी तक 49 पर पहुंच चुका है।
मलेरिया विंग से बायोलॉजिस्ट पिंकी ने बताया कि जिले में गठित टीमों ने नौ लाख 92 हजार 325 घरों में जाकर मच्छर के लार्वा को खंगाला है। इनमें से अभी तक 5986 घरों में लार्वा मिल चुका है और टीमों ने 2997 मकान मालिकों को नोटिस थमाया है। वहीं जिले में बुखार से पीड़ित 3,657 संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा चुकी है। बुधवार को डेंगू के चार केस सामने आए हैं। ऐसे में जिले में अब तक 49 डेंगू के केस आ चुके हैं।
डेंगू के लक्षण एवं बचाव
अचानक तेज बुखार, गंभीर सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द, थकान, जी मिचलाना, उल्टी आना, दस्त होना व त्वचा पर लाल चकत्ते। घर के अंदर या आसपास अनुपयोगी बर्तनों, फूलदान, गमले आदि में पानी जमा न होने दें। पानी से भरी टंकियों या बर्तनों को ढक कर रखें, जिससे उसमें मच्छर न पनप सकें। कूलर, फूलदान, गमले, फ्रिज की ट्रे आदि को हर सप्ताह खाली करें और रगड़ कर साफ करें। एडीज मच्छरों से बचने के लिए दिन में क्वाइल, क्रीम या स्प्रे का प्रयोग करें। शरीर को ढकने के लिए पूरे कपड़े पहनें। दरवाजों और खिड़कियों पर मच्छर रोधी जाली लगवाएं।
माह अनुसार डेंगू के पॉजिटिव केस
माह केस
जनवरी 01
फरवरी 01
मार्च 00
अप्रैल 01
मई 01
जून 02
जुलाई 04
अगस्त 11
सितंबर 28