करनाल। सिखों के एक शिष्टमंडल ने एडवोकेट अंग्रेज सिंह पन्नु के नेतृत्व में सोमवार को विधायक जगमोहन आनंद से मिलकर सिख समाज की विभिन्न मांगों पर चर्चा की। शिष्ट मंडल ने नवनिर्वाचित विधायक जगमोहन आनंद का स्वागत कर बधाई दी। इसके बाद अंग्रेज सिंह पन्नू ने विधायक को सिख समाज की मांगों को लेकर पांच सूत्रीय मांगों वाला एक पत्र भी सौंपा। इसमें हरियाणा में पंजाबी
भाषा के विकास व प्रसार, गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबियों के मामले पर ठोस कानून बनाने, 10 गुरु साहिबानों के इतिहास पर यूनिवर्सिटी में चेयर स्थापित करने, सिकलीगर सिख व गरीब सिखों के उत्थान के लिए योजना बनाने, सिख शहीदों के इतिहास को हरियाणा शिक्षा बोर्ड में शामिल करने की मांग रखी। विधायक ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बात करेंगे और उन्हें पूरा कराने का प्रयास करेंगे। शिष्टमंडल में मुख्य रूप से ज्ञानी गुरुमुख सिंह, रामगढिय़ा एसोसिएशन के प्रधान गुरनाम सिंह, बलविंद्र सिंह, करनैल सिंह, गुरजीत सिंह आदि शामिल रहे। ब्यूरो