तरावड़ी। नगरपालिका तरावड़ी में वीरवार को उपप्रधान (पद के लिए चुनाव कराया गया। जिसमें दो लोगों ने नामांकन कराया, लेकिन चुनाव में दोनों को समान वोट मिले। बाद में पर्ची के माध्यम से अमित बंसल उप प्रधान निर्वाचित घोषित किए गए।
नगर पालिका के अध्यक्ष का चुनाव तो पहले हो गया था, लेकिन उप प्रधान के चुनाव को लेकर लंबा इंतजार करना पड़ा। कई दिनों से चुनावी सरगर्मियां चल रही थी। उपप्रधान का चुनाव 11 बजे रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम करनाल अनुभव मेहता की देखरेख में शुरू किया गया। अमित बंसल व रमिंद्र कौर अपने समर्थक पार्षदों के साथ कार्यालय पहुंचे। इस दौरान रमिंद्र कौर का पलड़ा भारी लग रहा था, क्योंकि उनके साथ आठ अन्य पार्षद भी मौजूद थे। कार्यवाही शुरू करते हुए प्रशासन की तरफ से दोनों को नामांकन पत्र उपलब्ध करवाए गए और नामांकन भरने के बाद एक घंटे का समय विचार के लिए दिया गया।
इस दौरान दोनों पक्षों को ईवीएम दो-दो वोट डालकर चेक करवाई गई। मशीन की जांच के बाद सवा बारह बजे सभी पार्षदों व नपा प्रधान से वोटिंग करवाई गई, लेकिन जब वोटिंग की गिनती हुई तो दोनों उम्मीदवारों को आठ-आठ वोट पड़े। इसके बाद एक बार तनाव जैसा माहौल पैदा हो गया, क्योंकि रमिंद्र कौर समर्थकों ने दावा किया कि उनके साथ धोखा हुआ है, क्योंकि उनके पास कुल नौ पार्षद हैं और उनके हाथ भी खड़े करवाए। रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि ईवीएम में डाली गई वोट सही हैं और गिनती भी वही मान्य होगी।
इसके बाद दोनों पक्षों से बातचीत कर दोनों के नाम की पर्ची लिखी गई और कार्यालय के बाहर से एक छोटी बच्ची को लाकर पर्ची उठवाई गई, जिसमें अमित बंसल का नाम निकला। अपनी जीत पर अमित बंसल ने सभी पार्षदों का धन्यवाद किया। नगरपालिका प्रधान विरेंद्र बंसल, नपा सचिव अशोक कुमार, लेखाकार राजकुमार व सभी पार्षद मौजूद रहे।