- परिजन बोले, मां से झगड़े के बाद किशोरी ने नहर में लगाई थी छलांग
इंद्री। यमुनानगर की रहने वाली किशोरी का शव इंद्री नहर में मिला है। लोगों ने नहर में शव उतराता देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोरी के शव को बाहर निकाला। यमुनानगर पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई। पुलिस ने बताया कि यमुनानगर निवासी नंदनी के रूप में शव की पहचान हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की उम्र करीब 17 साल है। वह कक्षा 12वीं में पढ़ती थी। तीन दिन पहले बेटी की मां के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद वह नाराज होकर घर से चली गई और उसने पश्चिमी यमुना नहर में छलांग लगा दी। जब बेटी घर पर नहीं लौटी तो काफी तलाश की मगर किशोरी के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। वीरवार को किशोरी का शव इंद्री नहर से बरामद किया गया है। संवाद