संवाद न्यूज एजेंसी
मूनक। मूनक हेड के पास पश्चिमी यमुना नहर के बीच में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मूनक गांव निवासी निशा पत्नी राजू ने 25 जनवरी को पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका पति सुबह काम पर गया था और वापस नहीं आया। इसके बाद व्यक्ति का शव मूनक हैड में मिला। पुलिस ने महिला को मौके पर बुलाकर शव की शिनाख्त राजू निवासी मूनक (30) के रूप में कराई। वह यूपी का निवासी था।
अब कई वर्षों से गांव मूनक में ही परिवार के साथ रह रहा था। व्यक्ति मजदूरी करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। व्यक्ति की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से राजू की मौत का कारण पता चलेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।