करनाल। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन चौधरी ने करनाल की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि करनाल ही नहीं पूरे प्रदेश में बदमाश व्यापारियों को डरा धमका कर उनसे रंगदारी मांग रहे हैं। अपराध और अपराधियों पर सरकार अंकुश नहीं लगा पा रही। उन्होंने कहा कि बदमाश बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे हरियाणा का व्यापारी वर्ग दहशत में है। इसके लिए सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है। सोमवार को करनाल की मोबाइल मार्केट में बाइक पर आए बदमाशों ने हवाई फायर कर दहशत फैलाने का प्रयास किया। ये बदमाश एक दुकान में पर्ची भी फेंक गए, जिसके जरिए फिरौती की मांग की गई है। उन्होंने सवाल किया कि क्यों सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। अगर आपराधिक गतिविधियां बढ़ेंगी तो हरियाणा में व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि करनाल शांतिप्रिय शहर हुआ करता था, लेकिन पिछले कई सालों में यहां अशांति फैल गई है। इस अवसर पर शिव बजाज, राजन कालड़ा, नीरज चौधरी, विपिन चौधरी, रिंकू चौधरी, संदीप सिंगला, राकेश अरोड़ा, रविंद्र, हैप्पी व सोनू सहगल आदि मौजूद रहे। संवाद