करनाल के कुंजपुरा रोड स्थित बिजली निगम के क्वार्टर में घरेलू कलह के चलते संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की हालत गंभीर हो गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला को फांसी देकर मारा जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला फर्स पर लेटी थी और हालत गंभीर बनी हुई थी। पुलिस ने महिला को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया और पीड़ित शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसका उपचार चल रहा है। डीएसपी जितेंद्र गहलावत और सिविल लाइन थाना प्रभारी राजकुमार रंगा पहुंचे।
सेक्टर नौ चौकी इंचार्ज विक्रांत ने बताया कि कुंजपुरा रोड पर स्थित बिजली कॉलोनी के क्वार्टर नंबर 22/1 में रह रही बबली (30) की संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ गई। उन्हें इसकी सूचना कंट्रोल रूम से मिली थी। जब मौके पर जाकर देखा तो महिला नीचे लेटी हुई थी। महिला का पति संदीप बिजली निगम में क्लर्क के पद पर तैनात है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी की आपसी कलह की वजह से यह सब हुआ है।
सेक्टर नौ चौकी इंचार्ज विक्रांत का कहना है कि सूचना मिली थी कि महिला को फांसी देकर मारा जा रहा है। मौके पर पहुंचे तो महिला की हालत गंभीर मिली और घर पर इनके बच्चे ही थे। पड़ोसियों के आने पर पति मौके से फरार हो गया था। हर पहलू पर मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल महिला के बयान दर्ज नहीं किए हैं।