रात करीब 9 बजे सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने गई महिला डॉक्टर के साथ एक युवक ने छेड़छाड़ की। हालांकि, महिला डॉक्टर ने उसे पकड़ लिया और उसे थप्पड़ जड़ दिया, लेकिन वह छुड़वाकर फरार हो गया। भागते समय डॉक्टर ने आरोपी युवक का मोबाइल काबू कर लिया। उधर, सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी मोहन लाल मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से बात की। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की शिनाख्त हो गई है, जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।
एक निजी अस्पताल में तैनात एक डॉक्टर रात 9 बजे सब्जी मंडी में सब्जी लेने के लिए आई हुई थी। इसी दौरान नशे में धुत युवक ने डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी, विरोध करने पर वह और बिगड़ गया। महिला डॉक्टर ने युवक को पकड़ लिया और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। हालांकि, कुछ देर तक डॉक्टर ने युवक को काबू रखा, पर वह धक्का मारकर मौके से भाग गया।
भीड़ वाले इलाके में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ हुई, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने आरोपी को पकड़ने की जहमत नहीं उठाई और वह मौके से फरार हो गया। आनन फानन में महिला डॉक्टर ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी मोहनलाल घटना स्थल पर पहुंचे और डॉक्टर से बात की। फिलहाल पुलिस ने आरोपी का मोबाइल कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त भी कर ली है। सिटी थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। उधर, थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि मानवता के चलते लोगों को ऐसे लोगों को मौके से काबू करना चाहिए, ताकि बहन बेटियां खुद को सुरक्षित समझ सकें।