तरावड़ी के निकटवर्ती गांव पखाना के पास हुए एक सड़क हादसे में एक दंपति
की मौत हो गई और मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को
अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जानकारी के अनुसार जब चंडीगढ़ की मिल्क
कॉलोनी के रहने वाले धमेंद्र सिंह, उसकी पत्नी सुषमा और एक अन्य गांव
दयालपुरा में रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद बाइक से
गांव पखाना से तरावड़ी की ओर जा रहे थे तो सामने गलत साइड से आ रहे एक
ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे बाइक का संतुलन बिगड़
गया। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने भागने का प्रयास किया।
मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर-ट्राली का पीछा कर चालक को काबू कर लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल के परखचे उड़ गए। हादसे
में मोटरसाइकिल सवार दंपति धमेंद्र सिंह और उसकी पत्नी सुषमा की मौके पर
ही मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति दलचंद गंभीर रूप से घायल हो गया, तुरंत इसकी
सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर
लिया है।