गो तस्कर इंद्री पुलिस के लिए सिरदर्द बनते जा रहे हैं। तस्कर पुलिस को नाके पर देखकर फायरिंग करने से गुरेज नहीं करते हैं। रविवार अल सुबह भी नाके लगाए पुलिस कर्मियों पर अज्ञात पशु तस्करों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में भी पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर डबकौली कलां गांव के नजदीक नाका लगाया दिया। तस्कर गाय व बैलों से भरी एक गाड़ी यूपी बॉडर क्रास करने की फिराक में थे। पुलिस ने तस्करों की गाड़ी रुकवाने के लिए इशारा किया लेकिन तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। दो दिनों के अंदर तस्करों व पुलिस के बीच फायरिंग की यह दूसरी घटना है।
एक दिन पहले करनाल में भी गो तस्करों ने डीएसपी की गाड़ी पर फायरिंग की थी, जिसमें दो पुलिस वाले घायल हो गए। पुलिस चौकी इंचार्ज सतपाल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डबकोली कलां के नजदीक नाका लगा दिया। पशु तस्करों की गाड़ी को आता देख पुलिस ने रुकने का इशारा किया लेकिन तस्करों ने गाड़ी को दौड़ा दिया। उन्होंने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। तस्करों की गाड़ी कच्चे रास्ते में धंस गई। पुलिस ने तस्करों की गाड़ी से। 18 गाय व बैल बरामद किए, जिन्हें कुंजपुरा गोशाला में भेज दिया गया है और अज्ञात पशु तस्करों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।