करनाल जिले के असंध उपमंडल के गांव मूंड के पास खेत में पानी चलाने को लेकर विवाद के कारण दो भाईयों में गोली चलने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया। हालत गंभीर होने के कारण युवक को असंध से कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है। जहां युवक का उपचार चल रहा है।
गांव मर्दानखेड़ा निवासी अंग्रेज सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके और उसके भाई जसबीर के खेत मूंड गांव के पास है। मंगलवार देर शाम को जब वह और उसका बेटा स्वतंत्र (35) खेत में पानी दे रहा था तो वहां पर उसका भाई जसबीर तीन अन्य लोगों अमरजीत सिंह, आलम सिंह, देवेंद्र को लेकर आया और उस पर गोली चला दी। गोली उसके बेटे स्वतंत्र की टांग में लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरविंद्र सिंह दल बल सहित मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अंग्रेज सिंह की शिकायत पर उक्त चारों आरोपियों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। अभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।