स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उत्तरप्रदेश के गांव पांतुपुरा जिला शामली से दो लोगों को अल्ट्रासाउंड कर अवैध रूप से लिंग जांच करने के आरोप में पकड़ा है। जबकि अन्य कई आरोपी मौके से अल्ट्रासाउंड की मशीन सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए। जबकि कुछ सामान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बरामद कर लिया। सीएमओ शामली की शिकायत पर झिंझाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तरप्रदेश के गांव पांतुपुरा जिला शामली में कुछ लोग अल्ट्रासाउंड करके अवैध रूप से लिंग जांच करते हैं। इस पर सिविल सर्जन करनाल डॉ. संत लाल वर्मा ने एक टीम का गठन किया। टीम के सदस्यों डॉ. राजेंद्र कुमार, मेडिकल ऑफिसर डॉ. क्रांति, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर गुरचरण सिंह ने एक नकली गर्भवती महिला को गांव पांतुपुरा के रोड पर स्थित घर में लगी आटे की चक्की के साथ भैंसों को तबेले में भेज दिया। तबेले में मौजूद आरोपी संजय, संदीप, रसीद, अजय, योगेश उर्फ मोंटी और मदन ने नकली ग्राहक से अल्ट्रासाउंड करने के 25 हजार रुपये ले लिये और अल्ट्रासाउंड कर दिया। जैसे ही आरोपी अल्ट्रासाउंड करके रिपोर्ट बताने लगा इसी दौरान टीम द्वारा भेजी गई नकली गर्भवती महिला ने टीम को इशारा कर दिया और टीम ने छापा मारा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके से दो आरोपी योगेश उर्फ मोंटी और रसीद को मौके से पकड़ लिया। जबकि अन्य सभी आरोपी 25 हजार रुपये और अल्ट्रासाउंड की मशीन लेकर फरार हो गए। टीम ने मौके से चार मोबाइल, अल्ट्रासाउंड मशीन का प्रोब, चार्जर, बैग और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। टीम ने यह सारा सामान सीएमओ शामली को सौंप दिया। सीएमओ शामली की शिकायत पर झिंझाना पुलिस आरोपियों के खिलाफ पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।