मुगल कैनाल मार्केट में दो कारों की भिड़ंत से एक घंटे तक बवाल रहा। कारें भिड़ते ही युवक-युवती में तकरार हुई और लोगों की भीड़ बढ़ते ही हाथापाई तक नौबत आ गई। एक दूसरे से मार पिटाई के दौरान युवती के सिर में चोट आई हैं और सिर से खून को टपकता देखकर युवती घबरा गई और जोर-जोर से रोते हुए युवक से बहस करती रही। भीड़ मेें कुछ युवकों ने युवती का हाल देखकर युवक को थप्पड़ लगाए। मुगल कैनाल पर शुक्रवार दोपहर को हुई इस घटना से एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
युवक ने किया कमेंट, युवती ने धमकाया
शुक्रवार दोपहर को कार में एक युवक मुगल कैनाल से सिविल अस्पताल की तरफ और युवती एक बुजुर्ग महिला के अलावा एक बच्चे के साथ कार में अस्पताल की साइड से मुगल कैनाल से गुजर रही थी। इस दौरान युवक व युवती की कार मामूली सी भिड़ गई। युवक ने कार से उतरते ही युवती पर कमेंट किया और युवती ने भी युवक को धमकाया। ऊंची आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार इकट्ठे हो गए।
युवक ने युवती को अपशब्द कहे और युवती ने भी युवक को अपशब्द कहे। मामला इतना बढ़ गया कि उनकी हाथापाई हो गई। युवती ने सिर में क्लिप लगाया हुआ था और सिर में मारे थप्पड़ से क्लिप उसके सिर में लगा। इससे युवती को खून आने लगे। युवती कार में बैठने लगी तो उसे गर्दन पर खून दिखाई दिया और वह घबरा गई। कार से उतरते ही वह रोने लगी और युवक व युवती बहस करने लगे।
युवती को चोट लगने पर भीड़ में खड़े एक दो युवकों ने युवक को खूब धमकाया। जब तक युवती के परिजन मौके पर पहुंचे युवक मौके से निकल गया। परिजनों ने आकर पुलिस कंट्रोल नंबर 100 पर सूचना दी कि एक युवक युवती के सिर में ईंट मारकर भाग गया है। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के परिजनों से बातचीत की गई।
इस बारे में सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि युवती को चोट मारने की सूचना मिली थी। युवती के परिजनों ने आरोपी युवक की कार का नंबर दिया है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।