अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। जीटी रोड पर तुलसी फिलिंग स्टेशन के पास शनिवार दोपहर एक हेयर सैलून में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग की वजह सैलून के पास से गुजर रही हाईटेंशन तार की चिंगारी को बताया जा रहा है। सैलून मालिक गुरदास के मुताबिक हवा से सैलून की दूसरी मंजिल पर लगा बोर्ड हाईटेंशन तारों से टकराया और शॉर्ट सर्किट के बाद आग लग गई। आग ने सैलून सहित दूसरी मंजिल के कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
बिजली बोर्ड से करवाई गई सप्लाई बंद, तब बुझाई आग
सैलून बोर्ड की लोहे की पाइप हाईटेंशन वायरों से टकराई हुई थी। ऐसी स्थिति में दमकल कर्मचारी आग नहीं बुझा सकते थे। दमकल कर्मचारियों ने बिजली निगम में फोन कर हाईटेंशन लाइन की बिजली सप्लाई बंद करवाई। उसके बाद आग बुझाने की कार्रवाई अमल में लाई गई। घटना में लाखों का सामान जलकर राख हुआ गया। गनीमत रहीं इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
अफरा-तफरी का माहौल
सैलून के मालिक गुरदास का कहना है कि आग लगने से सैलून में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू न पाया जा सका। तुरंत घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। गुरदास का कहना है कि सेलून की पूरी फिटिंग जल चुकी है। साथ ही इनवर्टर, बैटरी, एससी व अन्य उपकरण जलकर राख हो चुके हैं। दुकान में करीब डेढ़ लाख तक का नुकसान हुआ है। इसके अलावा, दूसरे मंजिल के कमरे में रखी वॉशिंग मशीन, टीवी, खिड़की, दरवाजे, गद्दे अन्य घरेलू सामान जल चुका है। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त दूसरी मंजिल के कमरे में दो किरायदार मौजूद रहे।