अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। इंद्री स्थित भादसों चौक पर करियाणे की दुकान में गैस के बड़े सिलेंडर से गैस निकालकर छोटे सिलेंडर में डालने वाले दुकानदार को डिटेक्टिव स्टाफ पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपी से पुलिस ने 4 बडे और 5 छोटे गैस के सिलेंडर, गैस निकालने वाली पांच निपल, दो चाबी, इंलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद कर लिया है। डिटेक्टिव स्टाफ करनाल के इंचार्ज निरीक्षक विरेंद्र राणा ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध तरीके से गैस के सिलेंडर से गैस निकालकर बेचने का कारोबर चल रहा है। सूचना मिलते ही उन्होंने एएसआई रणबीर सिंह की अध्यक्षता में एक टीम का गठन कर छापामारी के लिए रवाना किया और उन्होंने विनोद कुमार खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक इंद्री को साथ किया। टीम ने रघुबीर सिंह वासी गांव बतान खेड़ी थाना इंद्री की भादसों चौक स्थित करियाणे की दुकान पर छापेमारी की। जिसमें आगे करियाणे की दुकान थी और पिछे वह गैस के सिलेंडरों से गैस निकाल कर छोटे सिलेंडरों में भरा जा रहा था। टीम ने आरोपी रधुबीर को मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।