अमर उजाला ब्यूरो
घरौंडा (करनाल)। जीटी रोड पर वाहन चालकों के साथ लूटपाट के मामले बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार शाम को एक कार सवार के साथ मारपीट कर दो युवक उसका पर्स छीनकर फरार हो गए, जिसमें 20 हजार रुपये थे। कार सवार ने घरौंडा थाना में पहुंचकर इसकी शिकायत की तो पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की, लेकिन देर रात तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस को दी शिकायत में अबनिश ने बताया कि वह दिल्ली से पंचकूला जा रहा था। घरौंडा में गढ़ी मुल्तान ओवरब्रिज के समीप शौच के लिए उसने कार रोकी जैसे ही शौच कर वह कार में बैठने लगा तो दो युवकों ने उसकी गाड़ी के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए और उसके साथ मारपीट कर उसका पर्स और एक बैग छीनकर फरार हो गए। उसके पर्स में 20 हजार रुपये थे। इसके बाद एक और कार आई उसकी सहायता से वह घरौंडा थाना में पहुंचा और वहां शिकायत की। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि जीटी रोड पर मारपीट कर स्नैचिंग की शिकायत मिली है नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।