अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। हैदराबाद, यूपी, दिल्ली और करनाल रेलवे स्टेशन पर महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटने वाले बावरिया गिरोह वारदात को अंजाम देने के लिए हवाई जहाज में सफर करते थे। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह हैदराबाद हवाई जहाज में गए थे और वहां वारदात को अंजाम देकर भी हवाई जहाज में आए थे।
दो दिन के पुलिस रिमांड के दौरान एंटी स्नैचिंग टीम ने आरोपियों से 21500 रुपये बरामद किए हैं और कोर्ट में पेश कर दूसरे मामले में एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि रिकवरी हो सके। अभी आरोपियों से बाइक बरामद नहीं हुई है। एंटी स्नेचिंग टीम के इंचार्ज प्रवीन कुुमार ने बताया कि 11 जून मेरठ रोड नगला मेघा चौक से दोनों आरोपी रामबीर वासी अहमदगढ़ थाना झींझाना जिला शामली यूपी और सूरज वासी अहमदगढ़ थाना झींझाना जिला शामली यूपी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों ने अलग-अलग जिलों में 31 वारदात का खुलासा किया। ये दोनों आरोपी रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रेन की खिड़की पर बैठी महिलाओं को निशाना बनाते थे और ट्रेन चलते ही उनके गले से सोने की चेन झपटते थे।
वारदात को अंजाम देकर वह सोने की चेन को बेचकर मौज-मस्ती करते थे और हवाई जहाज में सफर करते थे। आरोपियों ने करनाल में चार वारदात को अंजाम दिया है। 4 जून को सेक्टर-6 शिव मंदिर के समीप महिला से चेन झपटने के मामले में रिकवरी हो गई है। अब आरोपियों को 22 मई 2017 को न्यू मोतीनगर करनाल में एक महिला से गले से सोने की चेन झपटने के मामले में एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।