चैक बाउंस के मामले में गोयल पेस्टीसाइड के मालिक को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
इंद्री। दिल्ली की कोर्ट में चल रहे चैक बाउंस के मामले में दिल्ली पुलिस गोयल पेस्टीसाइड के मालिक को शुक्रवार को उसकी दुकान से गिरफ्तार कर लिया है। चैक बाउंस के मामले में उक्त कंपनी मालिक करीब एक महीने से दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट से गैर हाजिर चल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार बेस्ट एग्रो कैम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी दिल्ली ने कोर्ट में 7 लाख 46 हजार 240 रुपये चैक बाउंस का केस किया हुआ था। कंपनी के कमर्शियल मैनेजर करतार सिंह ने बताया की गोयल पेस्टीसाइड के मालिक सुशील गोयल ने बेस्ट एग्रो कैम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी दिल्ली से 7 लाख 46 हजार 240 रुपये में खरीदी थी और कंपनी को चैक दिए थे। जोकि अब बाउंस हो गए। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में गोयल पेस्टीसाइड के मालिक सुशील गोयल के खिलाफ केस दायर किया था। वहीं इसी मामले में उक्त आरोपी करीब एक माह से कोर्ट से गैर हाजिर चल रहा था। करतार सिंह ने बताया की मामला चार साल पुराना है। दिल्ली पुलिस जांच अधिकारी बिजेंद्र कुमार का कहना है की गोयल पेस्टीसाइड के मालिक सुशील गोयल के खिलाफ तीस हजारी कोर्ट में चैक बाउंस का मामला चल रहा है। उसकी केस में गैर हाजिर चल रहा था। शुक्रवार को आरोपी को काबू किया गया है। अब उसे दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में पेश किया जाएगा।