ग्राम सचिवालय से इनवर्टर, बैटरी और प्रिंटर चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
जुंडला।
गांव चिड़ाव के ग्राम सचिवालय में बीती रात चोरों ने हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ किया। चिड़ाव मेन रोड स्थित ग्राम सचिवालय से चोर इनवर्टर, दो बैटरी, दो लैपटॉप, दो कलर प्रिंटरों के साथ-साथ फिटिंग का समान भी ले उडे़। सरपंच एसोसिएशन के प्रधान प्रवीण नरवाल ने बताया कि चोरी की घटना में अनुमानित 3 लाख का नुकसान हुआ है। प्रवीण ने बताया कि सचिवालय में स्थित पंचायत स्टोर रूम से भी पंचायती सामान चोरी हुआ है। चोरी की घटना का पता उस समय चला जब अटल सेवा केन्द्र के संचालक रामपाल मंगलवार सुबह ग्राम सचिवालय पहुंचे। रामपाल ने बताया कि जैसे ही वह ग्राम सचिवालय में पहुंचे तो यह देख कर दंग रह गए कि उनके कार्यालय के दरवाजे खुले हुए थे और कार्यालय से सामान चोरी हो चूका था। रामपाल ने चोरी की इस घटना की जानकारी सरपंच को दी। ग्राम पंचायत ने चोरी की वारदात की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।