अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। गांव काछवा में लालच देकर व जबरन धर्म में परिवर्तन कराने वाले दोनों आरोपियों को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और कोर्ट में पेश कर उन्हें जेल भी भेज दिया है। सदर थाना प्रभारी बलजीत ने बताया कि काछवा गांव निवासी पिरथी ने शिकायत दी थी कि उनके गांव में आरोपी अजमेर सिंह व लख्मी चंद पहले हिंदू थे, जिन्होंने करीब 9 साल से धर्म परिवर्तन किया हुआ है। ये दोनों आरोपी उसे हिंदू धर्म छोड़ने के लिए दबाव बना रहे हैं। इतना ही नहीं वे कहते हैं कि उनका धर्म उसको पूरा खर्च देगा, बीमारी, बच्चों की शिक्षा, पालन पोषण का खर्च ट्रस्ट देगा। जब उसने दोनों आरोपियों से धर्म बदलने से मना किया तो वे हिंदू धर्म को गालियां देने लगे। इतना ही नहीं जब वह मंदिर जा रहा था तो उसका रास्ता भी रोका। जब उसने आरोपियों को कहा कि वह धर्म परिवर्तन नहीं करेगा तो उन्होंने उसे जान से मारने की भी धमकी दी। शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर लिया था और आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।