अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। पश्चिमी यमुना नहर में मां सरस्वती की मूर्ति का विसर्जन करते समय एक युवक नहर के पानी में बह गया। युवक को डूबता देख आस-पास के लोग उसे बचाने के लिए नहर में कूद गए और उन्होंने कपड़े व रस्सी की मदद से उस युवक रोहित को नहर से बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। इससे अलग शहर में धूमधाम से मां सरस्वती महोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने मां सरस्वती की सुंदर-सुंदर झांकियां निकालीं। नाचते कूदते हुए श्रद्धालु मां सरस्वती की मूर्ति को लेकर पश्चिमी यमुना नहर पर पहुंचे और वहां उन्होंने श्रद्धा के साथ मूर्ति का विसर्जन किया। कई जगहों पर भंडारे का आयोजन किया गया तो कही पर श्रद्धालुओं ने डीजे पर जमकर मस्ती की।