अमर उजाला ब्यूरो
तरावड़ी (करनाल)। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देते हुए तरावड़ी क्षेत्र से एक महिला परमजीत कौर के घर एमटीपी किट और गर्भपात का सामान बरामद किया है। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि तरावड़ी क्षेत्र में कई बार गर्भपात संबंधित शिकायतें आ रही थीं। शिकायत आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. रमेश कुमार ने टीम गठित की। डॉ. राजेंद्र की अध्यक्षता में गठित टीम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. वंदना अग्रवाल, ड्रग कंट्रोल आफिसर सुनील दहिया, सुलेख कुमार और सुभाष शामिल रहे। टीम परमजीत के घर पहुंची तो उन्होंने मौके से एमटीपी किट, गर्भपात करने का सामान व अंग्रेजी दवाइयां मिलीं, जिनको सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।