अमर उजाला ब्यूरो
इंद्री (करनाल)। इंद्री मेन बाजार में वीरवार सुबह बुलेट बाइक ने सामने से आ रही दूसरी बाइक को टक्कर मार दी। जो कि टक्कर लगते ही दूसरी बाइक पर सवार युवक नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। जो कि युवक को घायल अवस्था में इंद्री के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे करनाल रेफर कर दिया गया है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बुलेट बाइक सवार अपनी बुलेट को काफी तेज गति से चलाते हैं, जिसकी वजह से हादसे होने का भय बना रहता है। अधिकांश बुलेट बाइकर्स ने शहर में लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। शहर में सुबह से लेकर शाम तक अधिकांश बुलेट बाइकर्स पटाखे बजाते रहते हैं। परंतु स्थानीय पुलिस उनके खिलाफ कार्यवाही न कर आराम फरमा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ बुलेट बाइकर्स अपने बुलेट को चलाते हुए उस पर फोन से सेल्फी भी लेते हैं, जिससे शहर में हादसे हो जाते हैं। पुलिस को चाहिए कि इन बुलेट बाइक सवारों के खिलाफ उचित कार्यवाही करें। इस बारे में इंद्री थाना प्रबंधक सत प्रकाश दहिया ने कहा कि बुलेट बाइक पर सवार युवकों को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।