फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: नैनीताल-दार्जिलिंग का बढ़ा क्रेज, हरिद्वार और चार धाम यात्रा भी पसंद

विज्ञापन
विज्ञापन
- मसूरी, शिमला और मनाली में जाम व कमरे महंगे होने से दूसरे पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने निकल रहे कर्ण नगरी के लोग
विज्ञापन


- कश्मीर, दार्जिलिंग और केरल के लिए भी बढ़े यात्री, धर्म यात्रा के इच्छुक लोग गर्मी में भी जा रहे वृंदावन, अयोध्या और बनारस

गगन तलवार
करनाल। गर्मी की छुट्टियों में इस बार नैनीताल और दार्जिलिंग की यात्रा का क्रेज बढ़ा है। इसके अलावा कर्ण नगरी के लोगों को हरिद्वार और चार धाम की यात्रा ज्यादा पसंद आ रही है। क्योंकि मसूरी, शिमला और मनाली में बढ़ते जाम और कमरे महंगे होने के कारण कर्ण नगरी के लोग ने दूसरे पर्यटन स्थलों की ओर भ्रमण करने निकल रहे हैं।

कोई अपने स्तर पर टूर प्लान कर रहा है तो कोई ट्रैवलर एजेंसियों के संपर्क में है। इस बार मनाली और शिमला से ज्यादा कॉर्बेट नेशनल पार्क, ऊंटी, मुन्नार और वायनाड जैसी जगह घूमने की मांग बढ़ी है। ठंडे स्थानों में कश्मीर और लेह की बुकिंग काफी हुई है। इसके अलावा एक या दो दिन के टूर में स्थानीय लोग मोरनी हिल, टिकरताल और हिमाचल प्रदेश के सोलन भी घूमने जा रहे हैं। जबकि विदेशी पैकेज में इंडोनेशिया और वियतनाम को लेकर क्रेज है।
विज्ञापन


इसी के साथ धार्मिक पर्यटन को लेकर भी शहरवासी उत्साहित हैं। अयोध्या पैकेज के साथ ही उज्जैन और बद्रीनाथ के लिए भी टूर पैकेज बन रहे हैं। वहीं गर्मी के बावजूद वृंदावन और बनारस की यात्रा के लिए भी लोग निकल रहे हैं। हर साल स्थानीय निवासियों में मनाली, शिमला को लेकर काफी उत्साह रहता था, लोग अपनी गाड़ियां या टैक्सी लेकर भी यात्रा पर निकलते थे। लेकिन मौजूदा समय में वहां पर निरंतर जाम और गर्म मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों ने अपने टूर प्रोग्राम में बदलाव किया है। लोग इस बार अमरनाथ यात्रा को लेकर भी पंजीकरण करा रहे हैं।

चार धाम की यात्रा का ज्यादा जोर
ट्रैवल एजेंट लक्ष्य ने बताया कि शिमला व मनाली से कहीं ज्यादा चार धाम यात्रा पर जोर दे रहे हैं। उन्हें यहां के लिए हिल स्टेशन भी खूब पसंद आ रहे हैं। इनमें काफी संख्या में युवा पर्यटक शामिल हैं। चार धाम के बाद ऊटी ही ऐसी जगह है जहां के लिए युवा काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। ऑनलाइन एजेंसी के एजेंट विवेक ने बताया कि केरल, ऊटी, दार्जिलिंग जैसे स्थानों की ओर भी रुझान है।
विज्ञापन


रोडवेज बसों में हरिद्वार के यात्री बढ़े
रोडवेज की हरिद्वार जाने वाली बस में भी यात्री बढ़े हैं। इसके अलावा काठगोदाम और नैनीताल के लिए भी सीधी बस पुराने अड्डे से चलाई जा रही है। नैनीताल के लिए रोजाना सुबह एक बस 7.40 बजे चलती है। वहीं हरिद्वार के लिए सुबह से दोपहर तक सात बसें जा रही हैं। सभी बसों में यात्री अच्छी संख्या में होते हैं। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि सावन तक हरिद्वार की यात्रा का क्रेज ज्यादा रहता है।


दो लोगों के टूर पैकेज

- चार धाम : नौ रात और 10 दिन के लिए 50 हजार रुपये में।

- लेह-लद्दाख : पांच दिन का टूर पैकेज 35 हजार रुपये।

- मनाली : पांच दिन के लिए 30 हजार रुपये।

- ऊटी : तीन रात और चार दिन के लिए 28 हजार रुपये।

- वृंदावन और आगरा : पांच दिन का टूर 35 हजार रुपये।

- हरिद्वार और ऋषिकेश : तीन दिन के लिए 25 हजार रुपये।

- शिमला : तीन दिन के लिए 20 हजार रुपये।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें