संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सदर थाना क्षेत्र के कैलाश गांव में डंपर से रेत निकालने के लिए मंगवाई हाइड्रा क्रेन का बूम 11 हजार केवी की लाइन से टकरा गया जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने हाइड्रा चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
कैलाश गांव निवासी नितिन पोसवाल ने सदर थाना पुलिस को बताया कि तीन मार्च को उनके घेर में भवन निर्माण का काम चला हुआ था। इस कार्य के लिए उन्हें रेत की जरूरत थी तो उन्होंने एक डंपर रेत मंगवाया था। रेत डालने के लिए प्रेशर नहीं चला तो डंपर चालक ने एक हाइड्रा क्रेन मंगवाई। जिसके बाद रेत को बाहर निकाला और चालक डंपर खाली करके चला गया। हाइड्रा चालक आनंद ने कहा कि रात होने के कारण वह हाइड्रा को अब नहीं ले जा सकता उसे सुबह ले जाएगा। इसके बाद आनंद ने उसे घेर में ही खड़ा कर दिया।
अगले दिन चार मार्च को हाइड्रा चालक हाइड्रा लेने आया। वह उस समय घरे में ही था। जब वह हाइड्रा को घेर से बाहर निकालने लगा तो हाइड्रा का बूम बिजली की 11 हजार केवी की लाइन से टकरा गया जिससे हाइड्रा में करंट आ गया और वह भी करंट की चपेट में आ गया जिस कारण उसकी दोनों बाजू, बांया पैर व शरीर में काफी चोटें आई हैं।