संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पांच थानों की पुलिस ने रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने वाले 11 डीजे संचालकों पर शिकंजा कसा है। पुलिस टीम ने कुछ संचालकों के उपकरण जब्त किए और कुछ को चेतावनी दी है।
शादियों का सीजन शुरू होने पर देर रात तक डीजे बजाए जाते हैं। ध्वनि प्रदूषण होता है और समारोह स्थल पर आसपास रहने वाले लोगों की नींद खराब होती है। रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक डीजे बजाने पर प्रतिबंध है।
निर्धारित समयावधि के बाद व बीच सड़क पर डीजे बजाने की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन ने थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए थे। इसके अलावा मेरिज पैलेस आदि के संचालकों से निर्धारित समयावधि के बाद डीजे न बजाने के शपथपत्र भी लिए गए थे।
इसके बाद भी लगातार देर रात तक डीजे बजाने की शिकायतें करनाल पुलिस को प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जिला पुलिस की टीमों ने11 डीजे संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। कई डीजे संचालकों के उपकरण जब्त किए हैं। कुछ को आगे से रात 10 बजे के बाद डीजे न बजाने की चेतावनी दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से दोबारा अपील करते हुए कहा कि रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे न बजाएं और न ही बीच सड़क पर डीजे बजाकर यातायात को बाधित करें। इस तरह की गैर कानूनी गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नही की जाएंगी। कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई करते डीजे उपकरण जब्त किए जाएंगे।
इन थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई
थाना सेक्टर-32/33 की टीम ने तीन डीजे संचालकों पर, थाना इंद्री की टीम ने एक, थाना रामनगर की टीमों ने पांच, थाना मधुबन की टीम ने एक थाना सदर की टीम ने एक डीजे संचालक पर कार्रवाई की है।