- डीजे पर नाचते समय विवाद के बाद पहले सिर में मारी ईंट फिर घसीटते हुए निर्माणाधीन मकान में फेंका था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा (करनाल)। अमृतपुर कलां में शादी समारोह में डीजे पर नाचने के दौरान हुए विवाद में चचेरे भाई ने ही युवक की हत्या की थी। मधुबन पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले सिर में ईंट मारी फिर उसे निर्माणाधीन मकान में घसीट कर ले गया और कस्सी के डंडे से उसके हाथ-पांव तोड़ दिए जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
रविवार को अमृतपुर कलां गांव में सुरेश सैनी के बेटे की शादी थी। रात के समय डीजे बज रहा था और रिश्तेदार व परिवार के लोग शादी की खुशियों में मस्त थे। उसी दौरान गांव का ही 34 वर्षीय युवक रामपाल उनके घर पहुंच गया और डीजे पर नाचने लगा। तभी रामपाल व उसके चचेरे भाई बंटी की कहासुनी हो गई। जिसमें आरोपी ने रामपाल के सिर में ईंट मार दी। बाद में घसीटते हुए एक निर्माणाधीन मकान में ले गया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने उसकी पेंट को खेत व डंडे को तालाब में फेंक दिया था। पुलिस ने पेंट व डंडा बरामद कर लिया है।
मंगलौरा चौकी इंचार्ज रोहताश ने बताया कि चचेरे भाई बंटी ने ही रामपाल की हत्या की है। आरोपी ने पहले रामपाल के सिर में ईंट मारी। बाद में घसीटते हुए निर्माणाधीन मकान में ले गया और वहां पर डंडे से वार किया। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा।