संवाद न्यूज एजेंसी
मधुबन। खरकाली गांव में एक ठेके पर कार्यरत कर्मचारी को मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने चाकू मारकर घायल कर फरार हो गए। हमलावर नगदी भी लूट कर ले गए। मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे खरकाली गांव स्थित ठेके पर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे। उन्होंने ठेके से बीयर की बोतल खरीदी और बैठ कर पीनी शुरू कर दी। कुछ देर के बाद ठेके पर कार्यरत कर्मचारी जयसिंह लघु शंका के लिए ठेके से बाहर आया, बाद में ठेके के अंदर चला गया। तभी दोनों युवकों ने उसे पकड़कर चाकू से हमला कर दिया।
जयसिंह ने अपना बचाव करने का प्रयास किया तो उसकी छाती पर चाकू से वार कर दिया। दोनों काउंटर पर रखे 30 हजार रुपये की नकदी व कर्मचारी का मोबाइल ले गए। मधुबन थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि खरकाली गांव में ठेके पर लूट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और चारों ओर से नाके बंदी कर दी है। लुटेरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।