संवाद न्यूज एजेंसी
जलमाना (असंध)। एसडीएम कार्यालय में बुधवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने दबिश दी। टीम के पहुंचने पर विभाग के कर्मचारियों में खलबली मच गई। इस दौरान टीम ने दस्तावेजों की जांच की जिसमें दस्तावेजों में अनियमितता और लोगों की समस्याओं के निस्तारण में भी लापरवाही पाई गई। टीम ने रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय को भेज दी है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
डीएसपी अजीत सिंह ने बताया कि असंध से एसडीएम कार्यालय में अधिकारियों के काम से बहार चले जाने के बाद कर्मचारी जनता का ठीक से काम नहीं करते थे। जनता के साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया जाता था। जिससे लोग परेशान थे। शिकायत के बाद दबिश दी गई तो वहां अव्यवस्था देखने को मिली है। करनाल, सोनीपत व पानीपत में अलग अलग जगह दबिश दी गई थी। जिसमें सबसे ज्यादा परेशानी असंध में देखने को मिली है।
कर्मचारी भी अपनी कुर्सी से नदारद मिले। परिवार पहचान पत्र की शिकायत लेकर पहुंचा वार्ड पांच वासी धर्मपाल ने टीम को बताया कि वह छह महीने से बेटे को फैमिली आईडी में जोड़ने के लिए चक्कर काट रहा है, लेकिन उसकी समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। उसने बताया कि कोई कहता है उसका बेटा नहीं जुड़ सकता। कोई कहता है कि उसका बेटा फैमिली आईडी के हिसाब से मर चुका है। जांच टीम में इंस्पेक्टर शिव कुमार, सब इंस्पेक्टर शेर सिंह व जोगिंदर सिंह, एएसआई वीरेंद्र सिंह मौजूद रहे।
विभागीय कार्रवाई होगी
जनता की शिकायतों पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी कर्मचारी मौके से नदारद मिले हैं, उन सब के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जनसमस्याओं का निवारण किया जाएगा। इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अजीत सिंह, डीएसपी