- परिजन बोले, खेलते समय साइकिल से बच्चे के पेट में लगी थी चोट
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में होगा मौत के कारणों का खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/नीलोखेड़ी। रायपुर रोड़ान में पांच साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार सोमवार को वह गांव में ही अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसके पेट में अचानक दर्द होने पर चिल्ला उठा। आनन-फानन परिजनों ने बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि गौरव (5) गली में गांव के बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान उसके पेट में साइकिल चलाते समय चोट लग गई। हालांकि तब वह ठीक था मगर रात को अचानक उसके पेट में दर्द हुआ तो चिल्लाने लगा। इसके बाद गांव के चिकित्सक से दवाई लेकर आए तो पेट दर्द सही हो गया था। इसके बाद वह सो गया, लेकिन देर रात अचानक फिर तबीयत बिगड़ गई। फिर उसे नीलोखेड़ी के सरकारी अस्पताल में लेकर गए जहां डॉक्टर नहीं मिले। जिसके बाद आनन-फानन बालक को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
परिजनों ने बालक के पेट में चोट लगने की बात कही है। जिसके कारण उसे दर्द हुआ और उपचार के दौरान मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
- जगदीश कुमार, थाना प्रभारी, बुटाना