संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एक युवती से रेलवे की ऑनलाइन टिकट कैंसिल कराने के नाम पर खाते से 19019 रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवती ने टिकट कैंसिल कराने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च कर कॉल की थी। इसके बाद उसके खाते से हजारों रुपये कट गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर नंबर आठ निवासी विशाल गुप्ता ने सेक्टर-32-33 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी लड़की महक गुप्ता ने 21 दिसंबर को शाम करीब साढ़े चार बजे वैष्णो देवी जाने के लिए रेलवे की टिकट बुक करवाई थी। किसी आवश्यक कार्य आने के चलते अगले दिन टिकट कैंसिल करानी पड़ गई। ऐसे में उसने गूगल पर ऑनलाइन नंबर चेक करके रेलवे के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल की और सारी डिटेल उन्हें दे दी।
कस्टमर केयर का फोन कटने के बाद उसके एचडीएफसी बैंक खाते से 19 हजार 19 रुपये कट गए। इसके बाद उसकी बेटी ने दोबारा से कस्टमर केयर नंबर पर फोन किया तो वो कभी उसे नोयडा, दिल्ली और पश्चिम बंगाल का ऑफिस बता रहे है। वहीं जब उसकी बेटी ने पैसे काटने के बारे में पूछा तो उन्होंने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।