संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एनडीआरआई में नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी करने वाले बड़ा गांव निवासी आरोपी प्रवीण को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 50 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। आरोपी ने ठगी की कई वारदात को अंजाम दिया है।
इस संबंध में शिकायतकर्ता पूजा निवासी विश्वकर्मा कॉलोनी करनाल ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ 22 मई, 2023 को थाना असंध में एनडीआरआई में नौकरी लगवाने के नाम पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करवाया था। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से फोन पर संपर्क किया था और रुपये लेकर एनडीआरआई में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। शिकायतकर्ता से 2.56 लाख रुपये ठगे थे। इस मामले में 29 जून को दो आरोपी जरनैल सिंह उर्फ गुलशन बेदी उर्फ गुरुदयाल निवासी कुडक थाना तरावड़ी हाल निवासी एकता कॉलोनी करनाल और राजीव गुप्ता निवासी शेखपुरा खालसा थाना घरौंडा को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपी जेल में हैं। वहीं तीसरे आरोपी प्रवीण को भी कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।