करनाल। पोलैंड भेजने के नाम पर तीन लोगों से 21 लाख रुपये ठग लिए। सदर थाना पुलिस ने महिला सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में काछवा गांव निवासी जसबीर सिंह, गुरमीत सिंह, मंगल दास ने बताया कि आरोपी जयवीर का नोएडा में फ्लाई वर्ल्ड एबीएल के नाम से कार्यालय था, उसके साथ एक महिला भी थी। इन दोनों से उनके रिश्तेदारों ने मिलवाया था कि ये दोनों विदेश भेजने का काम करते हैं। आरोपी से उनकी मुलाकात करनाल में एक ढाबे पर हुई थी।
आरोपी ने कहा था कि वह 9.50 लाख रुपये प्रति व्यक्ति पोलैंड में भेज देता। इसके बाद आरोपी उनके पासपोर्ट साथ ले गया और टोकन मनी के नाम पर दो लाख रुपये भी ले गया। उन्होंने आरोपी से तीन महीने का समय मांगा था। तीन महीने बाद आरोपी ने उनके मोबाइल पर एक फर्जी वीजा की फोटो भेज दी और रुपये मांगे। उन्होंने अलग-अलग समय में आरोपी को 21 लाख रुपये दे दिए। इसके बाद आरोपी की तरफ से कोई मैसेज नहीं आया। उसका मोबाइल भी बंद था। वह उसके ऑफिस नोएडा पहुंचे तो वहां भी आरोपी नहीं मिला। संवाद