करनाल। बसंत विहार स्थित अस्पताल में कार में सवार होकर बेटे को दवाई दिलाने गए पिता से मारपीट कर बदमाशों ने चेन छीन ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली।
एलसी कॉलोनी निवासी रमन अंतिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे प्राकृत को शुक्रवार को बसंत विहार गली नंबर-15 में कार में सवार होकर दवाई दिलाने के लिए जा रहा था। अस्पताल के पास बाप-बेटे कार से उतरे तो वहां पर पहले ही गाड़ी में दो युवक सवार थे।
बाप-बेटे को देखते ही आरोपी अपनी कार से उतरे और रमन को पकड़ लिया और चेन छीनने लगे मगर रमन ने चेन नहीं छोड़ी। इसके बाद आरोपियों ने मारपीट करते हुए व्यक्ति के गले से चेन खींच ली और भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद