संवाद न्यूज एजेंसी
इंद्री (करनाल)। गांव सलारू स्थित फ्यूचर विजन इंस्टीट्यूट में शरारती तत्वों ने आग लगा दी। आज ही इस इंस्टीट्यूट में सीटीईटी का एग्जाम होना था, लेकिन रात करीब दो बजे इंस्टीट्यूट में आग लगा दी। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस व फायर ब्रिगेड को दी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
आग लगने के बाद पुलिस ने इंस्टीट्यूट को सील कर दिया। एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इंस्टीट्यूट के अंदर से पेट्रोल की बोतलें भी बरामद हुई हैं। बदमाशों ने इंस्टीट्यूट के शीशों को भी पत्थर मार कर तोड़ डाला। आग से वहां 80-90 कंप्यूटर जलकर राख हो गए हैं। इंस्टीट्यूट प्रबंधन का कहना है कि आग किसने और क्यों लगाई उन्हें नहीं मालूम है। बताया जा रहा है कि फ्यूचर विजन में मंगलवार को सीटीईटी का एग्जाम होना था, लेकिन उससे कुछ घंटे पहले ही वहां आग लग गई। ऐसे में परीक्षार्थियों के लिए अब कुंजपुरा रोड स्थित कंप्यूटर लैब को परीक्षा हॉल बनाया गया है।
गांव सलारू स्थित फ्यूचर विजन इंस्टीट्यूट में शरारती तत्वों द्वारा आग लगाने की सूचना मिली थी। जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए। अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
- अंकित कुमार, प्रभारी, रंबा चौकी, करनाल