संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। प्लॉट देने का झांसा देकर 18 लाख रुपये ले लिए मगर प्लॉट नहीं दिया। बाद में रुपये पापस मांगे तो आरोपी उसे कार में डालकर ले गया और पिस्तौल के बल पर नकदी और चेन छीन ली। आरोपी के खिलाफ पीड़ित ने मामला दर्ज कराया है। कर्ण विहार निवासी शुभप्रीत सिंह ने बताया कि उसकी कॉलोनी के ही मयंक कादियान ने प्लॉट देने का झांसा देकर 18 लाख रुपये ले लिए लेकिन बाद में प्लाॅट नहीं दिया।
वह जब भी रुपये वापस मांगता तो आरोपी टरका देता था। शुक्रवार दोपहर पीड़ित को आरोपी कार में बैठाकर अपने घर के पास एक प्लॉट में ले गया और उसकी कनपटी पर पिस्तौल रख दी। इसके बाद मोबाइल, 25 हजार की नकदी छीन ली। पीड़ित भागने लगा तो आरोपी ने गले से दो तोले की चेन भी छीन ली। पीड़ित ने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने बताया कि छह माह पहले भी आरोपी ने अपने 5-6 दोस्तों के साथ मिलकर सेक्टर-सात में उसकी कार को घेर लिया था और मारपीट कर चेन छीन ली। वहीं, पांच लाख रुपये की मांग की। आरोपियों ने पांच लाख रुपये लेने के बाद अगले दिन छोड़ा था। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।