यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित एक स्कूल के प्रधानाचार्य पर कक्षा नौ की 15 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। बेटी की शिकायत पर जब परिजन जब शिकायत करने गए तो आरोपी ने उनसे भी अभद्रता की। अब छात्रा काे दूसरे स्कूल में भी दाखिला नहीं मिल पा रहा है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी छात्रा पर गलत नजर रखता है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत पर स्कूल प्रधानाचार्य के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी कक्षा नौंवी की छात्रा है। आरोप है कि स्कूल प्रधानाचार्य का उनकी बेटी के साथ व्यवहार ठीक नहीं है। वह उनकी बेटी को गलत नजर से देखता है। उसे गलत नीयत से छूता है। बेटी ने जब परिजनों को इस संबंध में उन्हें बताया तो वह 21 अगस्त को स्कूल में गए और प्रधानाचार्य से बात की। इस पर प्रधानाचार्य ने उनसे अभद्र व्यवहार किया और धमकी भी दी। इस पर परिजनों ने बेटी का नाम उस स्कूल से कटवाकर दूसरी जगह दाखिल दिलाने का निर्णय लिया। अगले दिन परिजन बेटी के दाखिले के लिए दूसरे स्कूल पहुंचे तो पता लगा कि आरोपी प्रधानाचार्य ने उसकी बेटी का नाम 17 अगस्त को पोर्टल पर बिना टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) के चढ़ा दिया है और उसकी फोटो की जगह किसी अन्य लड़की की फोटो लगाई हुई है। जिस वजह से बेटी का दूसरे स्कूल में भी दाखिला नहीं हुआ। अब बेटी घर पर है।
वर्जन
आरोपी प्रधानाचार्य पर पॉक्सो एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। -एएसआई बबीता, महिला थाना जांच अधिकारी