संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। सर्विस रोड पर एआरबी वाटर वर्ल्ड के पास कार सवार तीन लोगों ने एक बाइक सवार से 28 हजार रुपये लूट लिए। मामले की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
गांव बसताड़ा निवासी प्रदीप कुमार का उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर रविवार को कहासुनी हो गई। जिसके बाद उसकी पत्नी गांव से पैदल घरौंडा की ओर जा रही थी। जैसे ही वह रात लगभग साढ़े आठ बजे सर्विस लेन स्थित एआरबी वाटर के पास पहुंची तो करनाल की ओर से एक कार उसकी पत्नी के पास आकर रुकी और गाड़ी से उतर कर एक व्यक्ति ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। प्रदीप कुमार का कहना है कि वह भी पत्नी को ढूंढने बाइक पर आ रहा था, जैसे ही वह बाइक पर कार के पास पहुंचा तो उसने इसका विरोध किया। तभी कार में सवार तीन अन्य व्यक्ति कार से उतरे और उसके व उसकी पत्नी के साथ मारपीट की। कार सवार लोगों ने उसकी जेब से 28 हजार की नकदी, मोबाइल व पर्स छीन कर फरार हो गए। प्रदीप ने पुलिस को जानकारी दी। जांच अधिकारी बहादुर सिंह ने बताया कि गांव बसताड़ा निवासी प्रदीप कुमार ने उसके 28 हजार रुपये व अन्य सामान लूटने की शिकायत दी है।