- मेडिकल कॉलेज में एक फरवरी से इम्युनो हिस्टो केमिस्ट्री जांच शुरू होने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में एक फरवरी 2024 को इम्युनो हिस्टो केमिस्ट्री जांच शुरू होने की संभावना है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ. एमके गर्ग ने कॉलेज की पैथालॉजी लैब विभागाध्यक्ष को पत्र जारी कर दिया है। जिसमें एचकेआरएन से मिले सात लैब टैक्नीशियन (एलटी) की ट्रेनिंग जल्द पूरी करवाने के आदेश जारी किए गए हैं।
कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल के निदेशक डॉ. मोहिंद्र कुमार गर्ग ने पैथालॉजी लैब में इम्यनो हिस्टो केमिस्ट्री (आईएचसी) टेस्ट शुरू करने के लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) को 12 लैब टैक्नीशियन (एलटी) की मांग भेजी थी। जिसमें से अभी कुछ दिन पहले सात एलटी मिले चुके है और पांच एलटी बाकी हैं। आए हुए सभी लैब तकनीशियनों का प्रशिक्षण मेडिकल कॉलेज में ही स्थानीय स्तर पर करवाया जा रहा है। जिसे निदेशक ने जनवरी 2024 में ही पूरी करवा फरवरी 2024 में इम्युनो हिस्टो केमिस्ट्री जांच शुरू करवाने के आदेश जारी किए हैं। अगर मेडिकल कॉलेज में इम्युनो हिस्टो केमिस्ट्री (आईएचसी) जांच शुरू हो जाती है तो कैंसर का इलाज करने वाले विशेषज्ञों को कीमोथैरेपी करने में बड़ी आसानी होगी। वहीं कैंसर के ट्यूमर में पाई जाने वाली असामान्य कोशिकाओं का इलाज संभव हो सकेंगा। जिससे सीधे तौर पर इसका फायदा कैंसर पीड़ितों को मिलेंगा।
क्या है इम्युनो हिस्टोकेमिस्ट्री टेस्ट
इम्युनो हिस्टो केमिस्ट्री टेस्ट एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें किसी ऊतक के टुकड़े में मौजूद प्रोटीन यानी एंटीजन की पहचान की जाती है। इसका इस्तेमाल कैंसर के ट्यूमर में पाई जाने वाली असामान्य कोशिकाओं के निदान में किया जाता है। कैंसर की कोशिकाओं की सतह पर मौजूद हॉर्मोन रिसेप्टर्स की जांच के लिए भी आईएचसी का इस्तेमाल होता है।
एचकेआरएन से मिले सात एलटी को मेडिकल कॉलेज में ही प्रशिक्षण दिलवाया जा रहा है। जिससे ये सात एलटी पैथालॉजी लैब में नियुक्त हो सकें और आईएचसी की जांच शुरू हो सकें। इससे कैंसर पीड़ित मरीजों को लाभ मिल सकेगा।
- डॉ. एमके गर्ग, निदेशक, केसीजीएमसी, करनाल