- नौकरानी, उसके पति और बेटे पर जताया शक, जेवरात भी उड़ाए
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। दो हजार रुपये के नोट बैंक से बदलवाने के लिए अल्फा इंटरनेशनल सिटी निवासी परिवार ने घर की अलमारियां खंगाली तो चोरी होने का पता चला और दो हजार के नोटों के साथ ही 20, 10 और पांच रुपये की गड्डियां भी गायब थी। जेवरात भी नहीं मिले। परिवार का कहना है कि अगर दो हजार के नोट बदलवाने की घोषणा न होती तो उन्हें चोरी का पता ही नहीं चलता। कुल दो लाख रुपये की चोरी पर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-29 के पॉकेट-2 स्थित अल्फा इंटरनेशनल सिटी में डॉ. साहिब सिंह चंदाना का परिवार रहता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि दो हजार रुपये के नोट बैंक में जमा कराने के लिए 21 मई की रात घर की अलमारी देख रहे थे। इस दौरान कपड़ों में छिपाकर रखी दो गुल्लकें टूटी मिलीं। दोनों गुल्लकों में 123500 रुपये थे, जो गायब थे। अलमारी में और छानबीन की गई तो 20, 10 और पांच के नोटों की दो-दो गड्डियां गायब थी। साथ ही सोने की दो अंगूठी भी गायब थी। जिसके बाद डाॅ. चांदना ने पुलिस को शिकायत दी और मामले की जांच करने की मांग की। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है।
दो महीने से काम कर रही नौकरानी
पीड़ितों ने वसंत विहार निवासी नौकरानी नीलम, उसके पति दलबीर और करीब सात वर्षीय बेटे पर चोरी करने का शक जताया है। उन्होंने बताया कि नीलम करीब दो महीने से उनके घर में काम कर रही है। शुरुआती दिनों में ही बहू के कमरे से हाथ घड़ी गायब हुई थी। फिर नीलम अपने बेटे को भी लेकर आने लगी। फिर उसका पति भी आने लगा। बच्चे के पास स्मार्टफोन था, जबकि नीलम फ्रिज के लिए उनसे उधार रुपये मांग रही थी।
भूतल पर रसोई बनाने के बाद प्रथम तल से हटा ध्यान
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी के घुटनों में तकलीफ की वजह से भूतल पर रसोई शिफ्ट की थी। जिसके बाद से जब नीलम प्रथम तल पर सफाई करती थी तो उसकी देखरेख नहीं हो पाती थी। इस दौरान नीलम का बेटा स्मार्टफोन लिए सीढि़यों पर बैठा रहता था। उन्हें शक है कि परिवार के सदस्यों के आने-जाने की जानकारी नीलम का बेटा स्मार्टफोन से अपनी मां को देता था।
- अल्फा सिटी में नहीं मिला नीलम के पति का कोई रिकाॅर्ड
नीलम ने बताया कि उसका पति दलबीर अल्फा सिटी में सेवादार है। इस बारे में जब अल्फा सिटी प्रशासन से जानकारी ली तो उन्होंने दलबीर के कार्यरत नहीं होने की जानकारी दी।
वर्जन:
मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। नौकरानी और उसके पति को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। जांच की जा रही है।
- मनोज, एसएचओ, थाना सदर