संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर में लूटपाट, चोरी और रंगदारी की वारदात भी बढ़ रही है। ऐसे में पेट्रोल पंप, सर्राफा कारोबारी और बैंकों के सुरक्षा अधिकारियों को सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए एसपी की ओर से दिए गए हैं।
सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन की अध्यक्षता में जिले के बैंकों के सुरक्षा अधिकारियों, पैट्रोल पंप और ज्वैलर्स एसोसिएशन के साथ सुरक्षा संबंधी बैठक हुई। बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों की समस्याओं की जानकारी ली। उनकी समस्याओं को मौके पर समाधान कराया गया। साथ ही बाकी समस्याओं को जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बैंक, पेट्रोल पंप और ज्वैलर्स दुकान पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाएं। कैमरे की स्टोरेज डिवाइस को किसी सुरक्षित स्थान पर लगा कर रखें। अपने पास नजदीकी थाना, पुलिस चौकी के नंबर जरूर रखें। ताकि जरूरत पड़ने पर उनसे संपर्क किया जा सके।
नकदी का स्थानांतरण करते समय असुरक्षा कर्मी रखें और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लें। इसके अलावा किसी की आपातकालीन स्थिति में पुलिस से संपर्क करें। बैठक के दौरान उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय करनाल सुरेश कुमार, उप निरीक्षक सुल्तान सिंह सुरक्षा अधिकारी करनाल, जिले की सभी बैंक, पैट्रोल पंप और सर्राफा कारोबारी ज्वेलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।