- स्कूली विद्यार्थियों का होगा कौशल विकास, आईआईटी मुंबई की ओर से होगी प्रतियोगिता
- छठी से 12वीं तक के विद्यार्थी ले सकते हैं हिस्सा, 25 सितंबर आवेदन की अंतिम तिथि
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अब तक केवल किताबी ज्ञान से सीखकर कुछ नया करने वाले विद्यार्थियों का आइडिया अब बिजनेस प्लान भी बन सकेगा। आईआईटी मुंबई की ओर से उन्हें यह अवसर दिया जा रहा है। इसके लिए बिजनेस प्लान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें सीबीएसई स्कूलों के छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर है।
वर्तमान में सरकार की ओर से कम उम्र में ही बच्चों को उद्यमिता के बारे में सिखाने और दिलचस्पी बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। रचनात्मक सोच, प्रतिभा की विद्यार्थियों में भरमार होती है, लेकिन कई बार मंच न मिलने पर वो अपने आइडिया पेश नहीं कर पाते। विद्यार्थियों को ऐसा मंच प्रदान करने के लिए ही आईआईटी की ओर से पहल की गई है। आईआईटी मुंबई के एंटरप्रेन्योरशिप सेल की ओर से आयोजित प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों के लिए कौशल विकास गतिविधियां, कार्यशाला, बूट कैंप और मेंटरिंग का भी आयोजन किया जाएगा।
जिससे कि वो अपने इनोवेटिव आइडिया को और भी ज्यादा विकसित कर सकें। https://www.ecell.in/eurekajunior23 पर पंजीकरण करा सकते हैं। चार फरवरी 2024 तक कई चरणों में प्रतियोगिता होगी। खास बात यह भी है कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए किसी तरह की फीस अदा नहीं करनी होगी। ब्यूरो
लगाई जाएगी कार्यशाला
प्रतियोगिता का बूटकैंप और अंतिम चरण ऑफलाइन होगा। टीम में हिस्सा लेने पर सभी सदस्यों को अलग से पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद प्रश्नोत्तरी में हिस्सा लेना होगा। प्रतियोगिता के तहत विद्यार्थियों के लिए एंटरप्रेन्योरियल माइंडसेट कार्यशाला भी आयोजित होगी। इसके लिए स्कूल पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों को स्किल्स सिखाई जाएंगी और समस्याओं को हल कैसे किया जाए, इसका भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। विद्यार्थियों को यह भी सिखाया जाएगा कि स्टार्टअप के लिए जरूरी बिंदु क्या होते हैं और उन्हें अपनी एंटरप्रेन्योरियल स्किल्स को भी बेहतर करने के लिए भी प्रशिक्षण देंगे।
दो श्रेणी में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता के लिए दो वर्ग होंगे इसमें छठी से आठवीं और नौवीं से बारहवीं की श्रेणी रहेगी। इसी महीने स्कूलों में कार्यशाला करवाई जाएगी। पंजीकरण के बाद होने वाली ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी 25 सितंबर तक आयोजित होगी। इसमें चुने जाने वाले विद्यार्थियों को ई-मेल के जरिए जानकारी भेजी जाएगी। तीसरे चरण में 50 दिनों का कौशल विकास कार्यक्रम होगा और विभिन्न गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों की एंटरप्रेन्योरियल कौशल को बेहतर किया जाएगा।
चार दिवसीय बूट कैंप आईआईटी मुंबई में आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को नेतृतव और संचार तकनीक, नेटवर्किंग, सोशल मीडिया इत्यादि के बारे में बताया जाएगा। स्टार्टअप फाउंडर्स और व्यापार के माहिरों द्वारा ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। अंतिम चरण में विद्यार्थियों को ई-समिट में हिस्सा लेना होगा और निर्णायक मंडल के सामने अपने आइडिया पेश करने होंगे। यह चरण फरवरी, 2024 में आयोजित होगा।
- डॉ. राजन लांबा, अध्यक्ष, सहोदय स्कूल कॉम्पलेक्स