निसिंग। कस्बे के कैथल रोड स्टेट हाईवे पर राइस मिल के समीप बरात की बस सड़क डिवाइडर से टकरा क्षतिग्रस्त हो गई। बस के एक्सेल समेत दोनों पहिए टूट कर अलग हो गए। डिवाइडर से टकराने के बाद बस सड़क पर साइड में खड़े धान से भरे एक ट्रैक्टर ट्रॉली की सपोर्ट मिलने पर पलटने से बच गई। इस हादसे में केबिन में बैठे चार लोगों व चालक को चोट लगी। जिन्हें स्थानीय सीएचसी में उपचार दिलाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद करनाल भेज दिया गया। शुक्रवार की शाम सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाकर साइड में करवाया।
पुलिस के अनुसार बस फतेहाबाद से यूपी के बरेली जा रही थी। हादसे में 23 साल के अनूप सिंह पुत्र हवा सिंह गांव चिंदर फतेहाबाद, अजय पुत्र भरत सिंह, 60 वर्षीय बुधराज पुत्र लड्डू राम व बुद्ध राम पुत्र ज्ञानचंद को चोटें लगी। एक दो सवारियों को हल्की खरोंच आई। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया। पुलिस को घटना से संबंधित कोई लिखित शिकायत नहीं मिली। जैसे ही शिकायत मिलती है तो नियम अनुसार उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी। गौरतलब है कि कैथल रोड पर राइस मिलों के आसपास करीब एक महीने में सड़क पर खड़े ट्रकों के कारण छह लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन सड़क से ट्रकों को नहीं हटाया गया।