संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। गांव पधाना के पास तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने आगे चल रही स्विफ्ट डिजायर कार को टक्कर मार दी। जिससे आगे चल रही कार की पिछली सीट पर बैठा एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ब्रेजा गाड़ी को कब्जे में लेकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव देशरी चौक जिला समस्तीपुर बिहार हाल सेक्टर- 13 निवासी कपिल देव रजत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सम्राट होम रियल स्टेट करनाल में काम करता है। 19 अगस्त को वह प्रेम कुमार वासी वार्ड छह और बलबीर वासी गांव कुरानी के साथ अपनी कार स्विफ्ट डिजायर में करनाल से सुबह 10 बजे पंचकूला कंपनी के काम से निकले थे। गाड़ी वह खुद चला रहा था। पंचकूला से वापस करनाल आते समय करीब साढ़े सात बजे गांव पंधाना के पास उनकी कार को पीछे से ब्रेजा कार ने टक्कर मार दी और पीछे बैठे बलबीर पाल की मौत हो गई।
चालक ब्रेजा कार छोड़कर हुआ फरार
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि ब्रेजा कार चालक टक्कर लगने के बाद अपनी कार से नीचे उतर कर उनके पास आया था, लेकिन बलबीर की गंभीर हालत देखकर वह घबरा गया और मौके पर अपनी कार छोड़कर फरार हो गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि दुघर्टनाग्रस्त गाड़ी से बाहर निकालने के तुरंत बाद उन्होंने अन्य प्राइवेट वाहन से ट्रामा सेंटर लेकर जाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी रास्ते में मौत हो गई।
शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। वहीं शिकायत के आधार पर ब्रेजा कार को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- संदीप कुमार, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी, तरावड़ी