संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम कार्यालय के सामने ब्लू शृंगार पैलेस के नाम से दुकान की दीवार तोड़ चोर 15 हजार रुपये की नकदी व 40 हजार रुपये के नोटों के हार चुरा ले गए। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शर्मा गार्डन कालोनी निवासी सुमित सेठी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी नगर निगम के सामने ब्लू श्रृंगार पैलेस के नाम से दुकान है। रात को वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। सीसीटीवी कैमरा भी टूटा हुआ था।
जब फुटेज देखी तो उसमें दिख रहा है कि दो चोर चौथी मंजिल से दीवार तोड़कर दुकान में आए। दुकान के गल्ले से 15 हजार रुपये, 40 हजार रुपये के नोटों के हार सहित अन्य सामान चोरी किया गया। शहर थाना पुलिस ने मौका मुआयना कर अज्ञात पर केस दर्ज किया।